Monday, May 15, 2023

राजनीतिक मंच पर मोदी और राहुल की टक्कर

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी दक्षिण भारत से साफ हो गई है। यह भाजपा के लिए काफी बड़ा झटका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जी-तोड़ मेहनत काम नहीं आई। अमित शाह की सारी रणनीति फेल हो गई। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पार्टी की जीत के लिए काफी मेहनत की। उसका नतीजा सबके सामने है। कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा में 135 सीटें जीत कर सबको चौंका दिया है। वहीं भाजपा को 66 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। जाहिर सी बात है कि कर्नाटक की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से खुश नहीं है। राज्य में बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में भाजपा की सरकार थी, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। चुनाव में पार्टी की हार के बाद बसवराज बोम्मई ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के प्रति जनता की नाराजगी का ये पहला उदाहरण नहीं है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत ने यह संकेत दे दिया कि कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी को चुनौती दे सकती है। भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देख रही थी, लेकिन क्या यह सपना पूरा हो पाएगा ? पहले हिमाचल प्रदेश और अब कर्नाटक चुनाव परिणाम ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस को खत्म करना इतना आसान नहीं है। जीत-हार लगी रहती है। कांग्रेस कई राज्यों में हारी है तो उसने कई राज्यों में जीत भी दर्ज की है। 2024 में लोकसभा के चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी के लिए सत्ता में वापसी बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि कांग्रेस धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। नरेंद्र मोदी को हराने के लिए विपक्ष अपनी एकता पर जोर दे रहा था। इस एकता में बाधक था पीएम उम्मीदवार के लिए कई नेताओं की दावेदारी। कांग्रेस की कर्नाटक जीत से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुहिम को झटका लगा है। राहुल गांधी मजबूत पीएम उम्मीदवार के तौर पर उभरे हैं। अब विपक्षी नेताओं को राहुल गांधी को दरकिनार करके चलना संभव नहीं है। कांग्रेस राहुल गांधी को ही विपक्ष का चेहरा स्वीकार करेगी। ऐसे में किसी अन्य नेता पर विपक्ष में सहमति बनना कठिन प्रतीत हो रहा है। कर्नाटक चुनाव में जीत के बाद राहुल गांधी राजनीतिक मंच पर नरेंद्र मोदी को चुनौती देने में सबसे आगे हैं। ये देखना दिलचस्प होगा कि पीएम की कुर्सी के लिए 2024 का लोकसभा चुनाव विपक्ष किस चेहरे पर लड़ेगा ?

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.